Oplus_16908288

बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम केकड़ार में पारिवारिक जमीनी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आपसी बंटवारे को लेकर चली आ रही रंजिश के चलते एक व्यक्ति पर उसके ही भाई और भतीजे ने चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़ित को पहले सिम्स अस्पताल और बाद में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना 1 जनवरी 2026 की शाम लगभग 5:30 बजे की है। पीड़िता कविता जायसवाल ने थाना सकरी में दर्ज कराई गई शिकायत में बताया कि वह अपने पति ऐश्वर्य जायसवाल और बच्चों के साथ घर में मौजूद थी। उनके घर के पास ही जेठ राजेन्द्र जायसवाल का निवास है। लगभग छह माह पूर्व पारिवारिक बंटवारा होने के बाद सभी अलग-अलग रह रहे थे, लेकिन इस बंटवारे से राजेन्द्र जायसवाल संतुष्ट नहीं था।

आरोप है कि इसी रंजिश के चलते राजेन्द्र जायसवाल और उसका पुत्र रोहन जायसवाल ने ऐश्वर्य जायसवाल के साथ अश्लील गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए चाकू से पेट के दाहिने हिस्से में हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल ऐश्वर्य जायसवाल के पेट से खून बहने लगा, जिसके बाद उन्हें तत्काल सिम्स अस्पताल ले जाया गया, फिर हालत गंभीर होने पर निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पीड़िता के अनुसार घटना के समय आसपास के लोग और एक महिला गवाह गैनमति यादव मौके पर मौजूद थे। पति के इलाज में व्यस्त रहने के कारण रिपोर्ट एक दिन बाद 2 जनवरी को दर्ज कराई गई।

पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 118(1), 296, 3(5) और 351(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। सकरी थाना पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध जांच शुरू कर दी है।

Loading

About The Author

By CG Times

News in Your Hand 📱

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *